धनबाद
धनबाद में अंकुरम IVF एवं फर्टिलिटी सेंटर का उद्घाटन झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधिवत रूप से किया। उन्होंने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का शुभारंभ किया। इस मौके पर शहर के गणमान्य व्यक्ति, चिकित्सा विशेषज्ञ, मरीज और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि संतान सुख जीवन का सबसे बड़ा सुख होता है। उन्होंने कहा, "जो महिलाएं संतान सुख से वंचित रह जाती हैं, उन्हें न केवल परिवार में बल्कि समाज में भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति अब आधुनिक टेक्नोलॉजी की मदद से बदली जा सकती है। आईवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) जैसी तकनीक से बांझपन का सफल उपचार संभव है, जिससे मातृत्व का सुख प्राप्त किया जा सकता है।"
मंत्री डॉ. अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि दूरदराज के गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए राज्य सरकार 300 नई एंबुलेंस और 300 बाइक एंबुलेंस उपलब्ध कराने जा रही है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं अधिक सुगम हो सकेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड में अब इलाज के अभाव में किसी की जान नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार पीपीपी मॉडल के तहत पांच नए अस्पताल खोलेगी, जिससे सरकारी अस्पतालों पर दबाव कम होगा और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
इसके साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि सरकारी अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जाएगा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। मंत्री ने कहा, "मैं स्वयं एक डॉक्टर हूं और राज्य की जनता को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। जनता के सहयोग से हम झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य बनाएंगे।"